Ad

Tag: ब्रजेश गोयल को समन्वयक

आम आदमी पार्टी का दिल्ली उद्योग व्यापार मंडल का गठन:ब्रजेश गोयल को समन्वयक और महेंद्र गोयल को अध्यक्ष बनाया

देश के व्यापारी को सत्ता का ऐसा माडल चाहिए जो व्यापारी को चोर न माने बल्कि उसे सम्मान दे.
आम आदमी पार्टी[आप] ने आज दिल्ली उद्योग व्यापार मंडल का गठन किया। जनलोकपाल आन्दोलन के समय से ही आन्दोलन से जुड़े हुए युवा व्यापारी ब्रजेश गोयल इसके समन्वयक बनाए गए हैं| और अन्ना आन्दोलन के समय से ही अन्ना की रसोई / आम आदमी रसोई चलाते आ रहे श्री महेंद्र गोयल इसके अध्यक्ष होंगे। चावड़ी बाज़ार में आयोजित एक व्यापारी सभा में टीम का गठन हुआ।
अरविन्द केजरीवाल ने स्वयम को व्यापारियों से जोड़ते हुए अपने परिवार के व्यापारिक रिश्तों का हवाला देते हुए कहा कि उनका परिवार भी व्यापारी जगत से जुडा है इसीलिए व्यापारियों कि समस्यायों के साथ उनके उत्पीडन को समझना और उनसे जुड़ना उनके लिए स्वाभाविक है| अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि आज 99% लोग ईमानदारी से काम करना और जीना चाहते हैं, लेकिन आज की राजनीति उन्हें भ्रष्टाचार करने पर मजबूर करती है। उन्होंने कहा कि हम सरकार का वो मॉडल लाना चाहते हैं, जिसमे आम व्यापारी सम्मान के साथ अपना काम कर सके और इज्ज़त के साथ जी सके। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर व्यवस्था ऐसी बनाई जाएगी जो आम व्यापारी को चोर न मानती हो, बल्कि ईमानदार मानकर चलती हो।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस की नीतियों ने दिल्ली के व्यापारियों की कमर तोड दी है. डब्ल्यू.टी.ओ. के समझौते तहत इन्होंने चीन के लिए बाजार खोल दिए हैं . इसका नुकसान यह हुआ है कि देश के आम आदमी को चीन का दोयम दर्जे का घटिया माल मिल रहा है. वहीं छोटे व्यापारी या कुटीर उद्योग बर्बाद कर दिए गए हैं|
उद्योग व्यापार मंडल के महासचिव बने अश्विनी जैन ने बताया कि “छोटे व्यापारियों की इस दुर्दशा को लेकर जब वे वित्त मंत्री पी. चिदंबरम से मिलने गए तो उन्होंने समस्या सुनने की बजाय मजाक उडाया और कहा कि छोटे व्यापार को भूल जाओ बडी इंडस्ट्री की बात करो.”
अरविन्द केजरीवाल के मार्गदर्शन में उद्योग व्यापार मंडल के दिल्ली प्रदेश का गठन हुआ और सभी ने संकल्प लिया कि आम आदमी पार्टी का सन्देश दिल्ली के हर दुकानदार तक पहुँचाया जाएगा। इस मौके पर अरविन्द केजरीवाल ने व्यापारियों के नाम एक खुली चिट्ठी भी जारी की इस चिट्ठी में उन्होंने दिल्ली के व्यापारियों की समस्या को आम आदमी पार्टी के नज़र में उसका समाधान प्रस्तुत किया है। ये चिट्ठी दिल्ली के हर दुकानदार और व्यापारी तक पहुंचाई जाएगी।