Ad

सपा ने साम्प्रदायिकता के आरोपों को बचकाना बताया और उपचुनावों में जीत का दावा किया

सपा ने साम्प्रदायिकता के आरोपों को बचकाना बताते हुए उपचुनावों में भारी जीत का दावा किया
समाजवादी पार्टी ने भाजपा द्वारा लगाये गए सांप्रदयिकता भड़काने के आरोपों को बचकाना बताते हुए प्रदेश में होने जा रहे उपचुनावों में भारी जीत का दावा किया |
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कल लखनऊ में आकर राज्य सरकार और मुलायम सिंह यादव के संबंध में बचकानी बयानबाजी से जाहिर हो गया है कि सत्ता का नशा उनके सिर चढ़कर बोलने लगा है। मुलायम सिंह यादव अपने पांच दशक लम्बे सार्वजनिक जीवन में सांप्रदायिकता के खिलाफ धर्मनिरपेक्षता की लड़ाई लड़ते रहे हैं। उनके नेतृत्व पर उगंली उठाकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वयं अपने पद की गरिमा गिराई है।
मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने शांति व्यवस्था और विकास पर ध्यान दिया है। इसलिए उन्होने समाजवादी सरकार के ढाई साल बीतने से पहले ही जनहित की तमाम योजनाओं को लागू करने का काम किया हैं। समाज के सभी वर्गो के लोग उनसे लाभान्वित हुए हैं। संविधान में संघीय ढांचे की व्यवस्था है और उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के इस संबंध में स्पष्ट निर्देश है कि प्रदेश की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करनेवालों और अराजकता फैलानेवालों पर सख्ती होगी। सांप्रदायिक सौहार्द को किसी भी स्तर पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
भाजपा जनता को अच्छे दिनों का जो सब्जबाग दिखाकर केन्द्र की सत्ता में आई हैं, उसकी कलई धीरे-धीरे खुल रही है। मंहगाई दुगनी तिगुनी रफ्तार से बढ़ी है। आम आदमी की जिन्दगी बदहाल हुई है। सीमाओं पर घुसपैठ की वारदातें बढ़ी है। पाकिस्तान का उच्चायुक्त हमारी भूमि पर ही बैठकर हमसे धमकी की भाषा में बोल रहा है और कश्मीर के अलगाववादियों को बुला बुलाकर बातें कर रहा है।