Ad

Tag: MalasiyanairPlane

भारत ने लापता मलेशियाई विमान के लिए नई रणनीति के इंतजार में अपना तलाशी अभियान फिलहाल रोका

भारत ने लापता मलेशियाई विमान के लिए नई रणनीति के इंतजार में अपना तलाशी अभियान फिलहाल रोक दिया है |मलेशियाई प्रशासन से ताजे निर्देश का इंतजार है। मलेशिया विमान का पता लगाने के लिए नये क्षेत्रों पर गौर सकता है।
लापता मलेशियाई विमान की तलाश के बारे में मलेशिया के अधिकारियों ने अब छानबीन पर आधारित संकेत दिया है कि तलाश अभियान नए चरण में पहुंच गया है और आगे की तलाश के लिए एक रणनीति तैयार की जा रही है। इसे देखते हुए तलाश अभियान स्थगित कर दिया है और इस काम में लगे भारतीय जहाजों, विमानों और साजो-सामान को हालांकि तैयार रहने को कहा गया है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार भारत ने अपनी वायुसेना, नौसेना और तटरक्षक दल के कई विमानों, जहाजों और साजों-सामान को लापता मलेशियाई एयरलाइंस के विमान एमएच-370 की खोज के लिए लगाया है। अंडमान निकोबार कमान, पूर्वी नौसेना कमान और भारतीय वायुसेना तथा भारतीय तटरक्षक दल के कुल छह विमानों और छह जहाजों तथा इनके हेलिकॉप्टरों को तलाश काम में लगाया गया था जिन्होनें अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी में फैले विस्तृत क्षेत्र में निर्धारित स्थानों पर मिलकर खोज का काम किया। पूर्वी नौसेना कमान के अतिरिक्त साजो-सामान को तत्काल जरूरत के लिए तैयार रखा गया था। समाचार एजेंसी भाषा ने अंडमान निकोबार कमान के प्रवक्ता कर्नल हरमीत सिंह के हवाले से कहा है कि पांच जंगी जहाज और छह निगरानी विमान के साथ मिलकर चलाये जाने वाले तलाशी अभियान को फिलहाल रोक दिया गया है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार भारतीय नौसेना ने अपनी प्रमुख भूमिका के रूप में नई दिल्ली स्थित समुद्री प्रचालन केन्द्र से शाही मलेशियाई नौसेना और शाही मलेशियाई वायुसेना के साथ सक्रिय समन्वय बनाया हुआ है। नई दिल्ली स्थित केन्द्र 24 घंटे काम कर रहा है।
लापता विमान की तलाश में विभिन्न निर्धारित क्षेत्रों में जुटी इकाइयों ने अभी तक लापता विमान को देखे जाने या उसके बारे में कुछ और जानकारी होने की कोई खबर नहीं दी है।