Ad

समाजवादी पार्टी ने भाजपा के प.उ. प्रदेश में घोषित आंदोलन को बताया सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास

समाजवादी पार्टी ने भाजपा के प.उ प्रदेश में घोषित आंदोलन को सामाजिक सद्भाव को को बिगाड़ने का प्रयास बताया
समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिमी उ0प्र0 में आंदोलन की घोषणा कर जता दिया है कि भाजपा का इरादा विकास कार्यों को रोकना और अराजकता को बढ़ावा देकर सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ना है।
उन्होंने कड़े शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि भाजपा द्वारा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ का षड़यंत्र विगत 02 वर्षो से किया जा रहा है। कभी अयोध्या में परिक्रमा के नाम पर तो कभी किन्हीं कथित मुद्दों पर धरना प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तोड़फोड करना उनकी फितरत बन गई है। मीडिया पर भी हमला करने में उन्हें गुरेज नहीं।
पार्टी प्रवक्ता ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नेता अहंकार में भाषा की मर्यादा भी भूल गए हैं और राजनीतिक शिष्टाचार भी। कभी वे नाग-नागिन की भूमिका में आ जाते हैं तो कभी प्रशासनिक अफसरों से जानी दुश्मनी करने का एलान कर अपनी हिंसक प्रवृति का खुला प्रदर्शन करते हैं। इससे उनका फासिस्ट चरित्र सामने आ जाता है। यह कृत्य अलोकतांत्रिक भी है।
उन्होंने दवा किया कि उ0प्र0 में समाजवादी सरकार विकास के एजेंडा पर चल रही है। प्रदेश में समग्र विकास के रोड मैप पर तेजी से काम हो रहा है। किसान और नौजवान की खुशहाली की योजनाओं पर अमल हो रहा है, जबकि केन्द्र सरकार के जन विरोधी निर्णयों से जनता के बीच भाजपा के गिरते ग्राफ के कारण हैरान परेशान भाजपा नेता अपनी कमियां छुपाने के लिए प्रदेश को अराजकता की आग में झोंकना चाहते हैं। अप्रत्याशित तरीके से केन्द्र की सत्ता में आ गए तो सत्ता का नशा उनके सिर चढ़कर बोलने लगा है। वे अब संवैधानिक रूप से निर्वाचित बहुमत की समाजवादी सरकार के विरूद्ध साजिश करने मेें लगेे हैं। इसके लिए वे प्रदेश का माहौल बिगाड़ने के लिए हिंसक आंदोलन का सहारा लेकर बवाल खड़ा करना चाहते हैं।
राजेंद्र चौधरी के अनुसार उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार और मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव को जनता का विश्वास प्राप्त है। जो भाजपाई कानून व्यवस्था बिगाड़ने तथा राज्य में अस्थिरता फैलाने की साजिशों में लगे हैं उनको जनता ही करारा जबाव देगी। भाजपा-आर0एस0एस0 और उनकी हमसंगी बसपा ये सभी प्रदेश की प्रगति के विरोधी हैं और इनकी मंशा अमन चैन बिगाड़कर सामाजिक सौहार्द एवं सद्भावना को चोट पहुॅचाने की है। समाजवादी सरकार द्वारा इनकी अराजक गतिविधियों को कानून की सख्ती से रोका जाएगा और भाजपा को प्रदेश में कहीं भी आंदोलन की आड़ में हिंसा फैलाने की इजाजत नहीं होगी। प्रदेश की शांतिप्रिय जनता भाजपा के कुत्सित इरादों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।